भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार तनाव जारी है। इस बीच पाकिस्तान के लिए एक और आफत आ खड़ी हुई है। मौके का फायदा उठाकर बलूचिस्तान (बलूच लिबरेशन आर्मी) ने पाकिस्तान की जगह अपना खुद का एक अलग झंडा फहराया है। जिसका मतलब साफ है कि बलूच लिबरेशन आर्मी अपना एक अलग राष्ट्र बलूचिस्तान चाहती है। चलिए जानते हैं बलूच लिबरेशन आर्मी क्या है और यह किस तरह पाकिस्तान के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
बलूच लिबरेशन आर्मी क्या है (Baloch Liberation Army)
बलूच लिबरेशन आर्मी (Baloch Liberation Army या BLA) एक सशस्त्र विद्रोही अलगाववादी संगठन है। जो पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की स्वतंत्रता के लिए सालों से संघर्ष कर रहा है। यह संगठन खुद को बलूच समुदाय के अधिकारों का रक्षक बताता है और पाकिस्तान सरकार पर बलूच जनता के शोषण, संसाधनों की लूट और राजनीतिक दमन का आरोप लगाता आया है। बलूच लिबरेशन आर्मी का उद्देश्य पाकिस्तान सरकार से लड़कर अपना एक अलग राष्ट्र बलूचिस्तान बनाना है.
BLA की स्थापना 2000 के दशक के शुरू में हुई थी और तब से यह पाकिस्तानी सुरक्षाबलों, सरकारी ठिकानों और चीनी प्रोजेक्ट्स जैसे CPEC को निशाना बनाता रहा है। पाकिस्तान सरकार और सेना इस संगठन (BLA) को एक आतंकवादी संगठन मानते हैं। अमेरिका और ब्रिटेन ने भी इसे आतंकवादी संगठन घोषित कर रखा है। जबकि पाकिस्तान अक्सर भारत पर BLA का समर्थन करने का आरोप लगाता आया है.
बलूच लिबरेशन आर्मी – पाकिस्तान के लिए बना सबसे बड़ी चुनौती
भारत और पाकिस्तान के बीच हो रही जंग के दौरान बलूच लिबरेशन आर्मी ने भी इसका जमकर फायदा उठाया है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज के मुताबिक बलूच आर्मी ने भारत पाकिस्तान मुद्दे के दौरान 51 ठिकानों पर लगभग 71 से ज्यादा आत्मघाती हमले किए हैं। जिसके चलते पाकिस्तान सेना को बड़ा नुकसान हुआ है। BLA ने पाकिस्तान के सेना कैंप, खुफिया सेंटर, खनिज लाने ले जाने वाले वाहनों और सेना के मूवमेंट को निशाना बनाया है।
भारत पाकिस्तान युद्धविराम पाक की एक चाल
BLA ने साफ कहा है कि पाकिस्तान युद्ध का एजेंडा चला रहा है और शांति या युद्ध विराम की उम्मीद पाकिस्तान से करना एक बहुत बड़ा धोखा होगा। यह पाकिस्तान सरकार की चालबाजी है। BLA ने मौके का फायदा उठाकर अपने आप को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उभारने की कोशिश की है। इसके लिए उसने पाकिस्तान के झंडे को हटाकर अपना खुद का एक अलग नया झंडा लहराया है। हालांकि अभी तक बलूचिस्तान को अंतिम रूप से एक अलग राष्ट्र का दर्जा नहीं मिला है। अभी भी पाकिस्तान का बलूचिस्तान पर नियंत्रण है।