Rakshabandhan 2025: रक्षाबंधन भारत के सबसे बड़े त्योहारों में से एक है, जो भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। हर साल सावन मास की पूर्णिमा तिथि को रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी सुख समृद्धि की मनोकामना करती हैं और भाई जीवन भर उनकी रक्षा का वचन देते हैं। ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि 2025 रक्षाबंधन कब है और राखी बांधने का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा चलिए विस्तार से जानते हैं।
रक्षाबंधन 2025 तारीख और मुहूर्त
इस बार रक्षाबंधन का त्योहार शनिवार 9 अगस्त 2025 को श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाएगा। राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 10:26 से रात 10:10 तक रहेगा। भद्र काल सुबह 6:25 से सुबह 10:26 तक रहेगा। भद्रा काल में राखी बांधना अशुभ माना जाता है। इसलिए राखी बांधने का समय सुबह 10 बजकर 26 मिनट के बाद ही उचित रहेगा।
रक्षाबंधन कब से शुरू हुआ था?
वैसे तो रक्षाबंधन का त्योहार कई हजारों सालों पहले से ही मनाया जा रहा है। मगर मान्यता है कि सबसे पहला रक्षा सूत्र देवताओं और असुरों के बीच युद्ध के समय देवी इंद्राणी ने भगवान इंद्र को कलाई पर बांधा था। जिससे उन्हें शक्ति मिली और उन्होंने असुरों पर विजय प्राप्त की।
इसके अलावा महाभारत काल में भी रक्षा सूत्र यानी रक्षाबंधन का उल्लेख है। महाभारत काल में द्रौपदी ने श्री कृष्ण की कलाई से खून बहता देखकर अपने आंचल से कपड़ा फाड़कर बांधा था। वह भी एक रक्षा सूत्र बन गया। इसके साथ श्री कृष्ण ने द्रौपदी को जीवन भर रक्षा करने का वचन दिया। रक्षा बंधन की यह परंपरा सालों से ही चली आ रही है।
हम रक्षाबंधन क्यों मनाते हैं?
रक्षाबंधन केवल एक हिंदू त्योहार ही नहीं है, बल्कि यह भावनाओं, खुशी, सुरक्षा और वचनों का भी प्रतीक बन गया है। यह पर्व परिवार में प्रेम, आपसी जुड़ाव और विश्वास को गहरा बनाता है। राखी केवल धागा ही नहीं बल्कि रिश्तों की डोर है, जो जीवन से जुड़ी है।