दिल्ली बस फिल्म 6 साल बाद हो रही है रिलीज, निर्भया कांड से प्रेरित है फिल्म की कहानी, यहाँ पढ़ें पूरी खबर

16 दिसंबर 2012 को दिल्ली में हुए निर्भया कांड ने पूरे देश का दिल झकझोर कर रख दिया था। निर्भया के साथ जो कुछ हुआ उसको लेकर हर किसी के मन में आक्रोश था। निर्भया को श्रद्धांजलि देते हुए फिल्म डायरेक्टर शरीक मिन्हाज ने दिल्ली बस फिल्म तैयार की। मगर सेंसर बोर्ड को कुछ दृश्यों से आपत्ति होने के कारण फिल्म की रिलीज रोक दी गई थी। अब करीब 6 साल बाद फिल्म को हरी झंडी मिली है। और फिल्म 29 नवंबर को थियेटर्स में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानकारी लेते हैं।

दिल्ली बस फिल्म की कास्ट और क्रू

दिल्ली बस फिल्म में नीलिमा आजमी (पीड़ित) ने मुख्य भूमिका निभाई है। इनके अलावा दिव्या सिंह, अंजन श्रीवास्तव, जावेद हैदर, विक्की आहूजा, शीश खान और ताहिर कमल खान सहायक भूमिका में होंगे। फिल्म का डायरेक्शन शरीक मिन्हाज द्वारा किया गया है। जिसका वितरण संजय भूषण पटियाला कर रहे है।

दिल्ली बस फिल्म का ट्रेलर

दिल्ली बस फिल्म का ट्रेलर लगभग 5 साल पहले रिलीज किया गया था। इसके बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म को रिलीज होने से रोक दिया था। हालांकि फिल्म निर्माताओं ने इसका नया ट्रेलर रिलीज नहीं किया है, करीब 1 मिनट 46 सेकंड का यह ट्रेलर निर्भया कांड की यादें ताजा करता है। ट्रेलर में दिखाया जाता है कि एक कपल आधी रात को बाइक खराब हो जाने के कारण एक बस में चढ़ता हैं।

जिसमें पहले से ही 6 लोग सफर कर रहे थे। युवती को देख ये लोग बेकाबू हो जाते हैं और एक ऐसी घटना को अंजाम देते हैं, जिसके बारे में सोच कर भी रूह कांप जाती है। जब घटना का खुलासा होता है तो देश में सन्नाटा छा जाता है और लोग इसके विरोध में कैंडल लेकर सड़कों पर उतरते हैं। और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाते हैं।

निर्भया कांड से प्रेरित है कहानी

फिल्म की कहानी पूरी तरह से निर्भया कांड से प्रेरित है हालांकि डायरेक्टर ने बड़ी चतुराई से फिल्म को निर्भया कांड से अलग बनाने की कोशिश की है। ताकि सीधे रूप से किसी भी वास्तविक घटना का सहारा ना लिया जाए। फिल्म सीधे रूप से समाज और देश को संदेश देती है कि महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ ठोस कदम उठाए जाने चाहिए और उनकी सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम होना बेहद जरूरी है। यह फिल्म समाज के लिए एक अच्छा प्रेरणा का स्रोत भी होगी।

गौरतबल है कि साल 2012 में दिल्ली की मेडिकल छात्रा निर्भया का चलती बस में 6 लोगों ने बलात्कार किया था। इनमें से चार अपराधियों को साल 2013 में ट्रायल कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई थी। जबकि एक अपराधी राम सिंह जेल में मृत पाया गया था। कहा जाता है कि उसने आत्महत्या कर ली थी। जबकि एक अन्य आरोपी मात्र 17 साल का था। जिसे 3 साल तक बाल सुधार गृह में रखा गया। उसके बाद साल 2015 में वह रिहा हुआ।

सेंसर बोर्ड ने नहीं दी थी मंजूरी

फिल्म के मुख्य कलाकार ताहिर कमल खान ने हाल में एक इंटरव्यू में जानकारी दी थी कि फिल्म 2018 में ही रिलीज होने वाली थी, मगर जब फिल्म को सेंसर बोर्ड को स्वीकृति के लिए भेजा गया, तो कुछ दृश्यों को लेकर सेंसर बोर्ड ने आपत्ति जताई। इसके बाद निर्माताओं ने आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने और कांट-छांट करने की भी पूरी कोशिश की। मगर सेंसर बोर्ड से फिल्म अप्रूव नहीं हुई।

हमें समाज और देश को निर्भया कांड जैसी दुर्दांत घटना से प्रेरित यह फिल्म दिखाने के लिए एक लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी और लगभग 6 साल बाद यह फिल्म अब थियेटर्स में 29 नवंबर 2024 को रिलीज की जाएगी। बेशक यह फिल्म दर्शकों का मन विचलित कर दे, मगर यह फिल्म हर किसी को देखनी चाहिए।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Leave a Comment