अभी पूरा देश सिनेमाघरों में रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर (Dhurandhar) की कमाई देख रहा है। जो 10 दिन में 550 करोड़ की कमा कर पुष्पा 2 को टक्कर दे रही है। जिसके बाद हर कोई पूछ रहा है कि आखिर रणवीर सिंह के डूबते करियर को बचाने वाला यह डायरेक्टर है कौन?
आदित्य धर (Aditya Dhar) यह नाम आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है। URI: The Surgical Strike जैसी ब्लॉकबस्टर और Article 370 जैसी दमदार फिल्म बनाने वाले आदित्य कोई स्टार किड नहीं हैं। वो एक कश्मीरी पंडित रिफ्यूजी हैं, जिन्होंने अपनी आंखों के सामने अपना घर छूटते देखा है।
आज Khabardaari की The Untold Bollywood रिपोर्ट में हम आपको बताएँगे उस लड़के की कहानी, जो कभी जेब में चंद रुपये लेकर मुंबई आया था, कभी रेडियो जॉकी बना, गाने लिखे और फिर अपनी मेहनत से पूरे बॉलीवुड को हिला कर रख दिया।
आदित्य धर की जीवनी
| फिल्म | भूमिका |
|---|---|
| बूंद (2009) | लेखक, कास्टिंग डायरेक्टर (लघु फिल्म) |
| आक्रोश (2010) | संवाद लेखक |
| तेज (2012) | संवाद लेखक |
| खरवास (2018) | निर्माता (लघु फिल्म) |
| उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक (2019) | बतौर निर्देशक डेब्यू फिल्म |
| अमृतसर जंक्शन (2020) | निर्माता (लघु फिल्म) |
| अनुच्छेद 370 (2024) | लेखक, निर्माता |
| धूम धाम (2025) | लेखक, निर्माता |
| बारामूला | लेखक, निर्माता |
| धुरंधर (2025) | निर्देशक, लेखक, निर्माता |
आदित्य धर का जन्म में 12 मार्च 1983 को नई दिल्ली में हुआ था, लेकिन वो एक कश्मीरी पंडित हैं। 1990 का वो भयानक दौर, जब कश्मीरी पंडितों को रातों-रात अपना घर छोड़कर भागना पड़ा था, उस दर्द को आदित्य ने बहुत करीब से महसूस किया है। यही वजह है कि जब उन्होंने बतौर प्रोड्यूसर Article 370 फिल्म बनाई, तो उसमें वो दर्द और गुस्सा साफ दिखाई दिया। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि कश्मीर हमारा घर है, और अपने घर से निकाले जाने का दर्द कभी खत्म नहीं होता। उनका सिनेमा सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि उनके अतीत की एक आवाज है।
रेडियो से लेकर गानों के बोल लिखने तक का सफर
मुंबई में आदित्य का सफर आसान नहीं था। पेट पालने के लिए उन्होंने कई छोटे-मोटे काम किए। सबसे पहले उन्होंने एक रेडियो जॉकी के तौर पर काम शुरू किया। लेखनी में दम था, तो फिल्मों के लिए गाने लिखना शुरू किया। उन्होंने काबुल एक्सप्रेस, हाल-ए-दिल और डैडी जैसी फिल्मों के लिए लिरिक्स लिखे। आक्रोश और तेज जैसी फिल्मों के डायलॉग्स भी लिखे। सालों तक वो इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन असली कामयाबी अभी भी उनसे दूर थी।
जिस फिल्म को सबने किया था रिजेक्ट वही बनी करियर की सबसे बड़ी फिल्म
2016 में उरी हमला हुआ और भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की। आदित्य के दिमाग में कहानी तैयार थी। वो स्क्रिप्ट लेकर कई बड़े प्रोड्यूसर्स के पास गए। लेकिन जवाब मिला वॉर फिल्में भारत में नहीं चलतीं, इसमें पैसा डूब जाएगा। लेकिन आदित्य को अपनी कहानी पर भरोसा था। फिर विक्की कौशल का साथ मिला और कम बजट में बनी URI: The Surgical Strike फिल्म रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर आग लग गई। 350 करोड़ की कमाई के साथ आदित्य धर ने अपने पहले ही डायरेक्शन में National Award जीत लिया।
जो आलोचक उरी को महज एक तुक्का बता रहे थे, उनकी बोलती 5 दिसंबर 2025 को तब बंद हो गई, जब आदित्य धर ने अपनी नई फिल्म धुरंधर से बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दिया। हिचकोले खाते करियर के बीच आदित्य ने रणवीर सिंह को रॉ एजेंट जसकीरत सिंह रंगी के अवतार में ऐसा पेश किया कि फिल्म ने महज 10 दिनों में वर्ल्डवाइड 550 करोड़ रुपये कूटकर रणवीर को उनका अब तक का सबसे बड़ा कमबैक दिया है।
कमाई की रफ़्तार इतनी तेज रही कि दूसरे हफ्ते में इसने अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 को भी धोबी-पछाड़ दे दी। इतना ही नहीं, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और रहमान डकैत बने अक्षय खन्ना जैसे दिग्गजों को एक साथ लाकर आदित्य ने साबित कर दिया कि वो मल्टी-स्टारर फिल्मों के नए बाहुबली हैं।
एक्ट्रेस यामी गौतम से शादी
उरी फिल्म की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात एक्ट्रेस यामी गौतम से हुई। दोस्ती प्यार में बदली, लेकिन किसी को कानों-कान खबर नहीं हुई। 2021 में दोनों ने हिमाचल प्रदेश में अपने पुश्तैनी घर में, देवदार के पेड़ों के बीच बेहद सादगी से शादी की। उनकी शादी की तस्वीरें इस बात का सबूत थीं कि यह जोड़ी जमीन से जुड़ी हुई है।
निष्कर्ष
आदित्य धर की कहानी हमें सिखाती है कि चाहे आप रिफ्यूजी हों या एक आम आदमी, अगर आपके इरादों में दम है, तो दुनिया की कोई ताकत आपको सफल होने से नहीं रोक सकती है। आपको आदित्य धर की कौन सी फिल्म सबसे ज्यादा पसंद है? उरी या धुरंधर? कमेंट करके जरूर बताएं।












